सोरों में अस्थि विसर्जन करतीं कामिनी सिंह। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। हेलिकॉप्टर हादसे में सीडीएस बिपिन रावत के साथ शहीद आगरा निवासी विंग कमांडर पृथ्वी सिंह की अस्थियां शुक्रवार को बदायूं से सटे कासगंज जिले के सोरों में हर की पेड़ी पर विसर्जित कर दी गईं। अस्थि विसर्जन के बाद शहीद के परिवार और रिश्तेदारों ने बदायूं के कछला गंगाघाट पर स्नान किया।
परिजन और रिश्तेदारों के साथ कासगंज जिले में सोरों के हर की पेड़ी घाट पर पहुंची पत्नी कामिनी सिंह की आंखें नम थीं। मां के साथ बेटे अभिराज और बेटी आराध्या ने अस्थि कलश को नमन किया। सोरों निवासी पुरोहित निर्भय ने मंत्रोच्चार किया। अस्थि विसर्जन के समय उनके साथ शहीद की बहन गीता, मीना सिंह, ममेरे भाई अछनेरा निवासी पुष्पेंद्र सिंह, बहनोई उझानी में एपीएम कॉलेज के प्रवक्ता जितेंद्र सिंह राणा और उनके चचेरे भाई मिंकू और विक्की चौहान मौजूद रहे। इसके बाद अपराह्न में शहीद की पत्नी समेत परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने कछला गंगाघाट पर डुबकी लगाकर विंग कमांडर पृथ्वी सिंह को याद किया। बता दें कि आठ दिसंबर को हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सैनिकों के साथ विंग कमांडर पृथ्वी सिंह भी थे। वह आगरा के मूल निवासी थे। संवाद