बिल्सी। कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को सूचना पर पुलिस ने आरोपी को अंबियापुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी भागा चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
उपनिरीक्षक रामसेवक सिंह राठौड़ ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी अंबियापुर चौराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान बबलू निवासी ग्राम बैटरा, थाना वजीरगंज के रूप में हुई। पुलिस आरोपी को कोतवाली ले आई, जहां आवश्यक पूछताछ एवं विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
संवाद