फैजगंज बेहटा। प्रतिबंधित पशु का मांस तौलने के मामले में जारी वीडियो को लेकर विश्व गोरक्षा संघ के प्रदेश सचिव संजीव कुमार मौर्या के नेतृत्व में थाने पर प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व सोमवार को बजरंग दल ने भी थाने पर प्रदर्शन किया था। वायरल वीडियो को लेकर कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल रहा है। हालांकि, ऐसे किसी वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रतिबंधित पशु का मांस तौलते हुए दिखाया गया है। प्रतिबंधित पशु का चारपाई पर रखा सिर भी दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर ही सोमवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने पर प्रदर्शन किया था। मंगलवार को विश्व गोरक्षा संघ के पदाधिकारियों ने भी विरोध किया। संघ की ओर से कार्यकर्ताओं ने थाने पर प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी सुभाष कुमार की गैर मौजूदगी में एसआई दिनेश कुमार को ज्ञापन दिया, इसमें वायरल वीडियो को लेकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। संवाद