दातागंज (बदायूं)। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात करीब 11 बजे पिलर संख्या 221 के पास थार गाड़ी जानवर से टकराकर पलट गई। हादसे में दिल्ली निवासी कुसुम मिश्रा (48) की मौत हो गई, जबकि महिला के पुत्र शिवम मिश्रा (28) और शुभम मिश्रा (25) और कुसुम के भाई सचिन मिश्रा घायल हो गए।
ये सभी लोग वाराणसी से दिल्ली जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर यूपीडा की एंबुलेंस सभी घायलों को लेकर दातागंज सीएससी पहुंची, जहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे में घायल शुभम मिश्रा की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। घायल सचिन मिश्रा ने सीएचसी में बताया कि हम सभी वाराणसी से दिल्ली जा रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे पर अचानक कोई जानवर आ गया और गाड़ी उससे टकराने के बाद कई पलटे खाकर पलट गई। सचिन दोनों भांजों को निजी एंबुलेंस से बरेली के हायर सेंटर लेकर गए हैं।
उधर, हादसे की सूचना सीएससी के फार्मासिस्ट ने दातागंज पुलिस को दी, जानकारी करने पर मालूम हुआ कि घटना हजरतपुर थाना क्षेत्र में हुई है। इसके बाद हजरत पुर थाने में सूचना दी गई है। महिला का शव दातागंज सीएचसी में रखा है। क्षतिग्रस्त थार गाड़ी गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा विंग ने डहरपुर इंटरचेंज के पास ख़डी करा दी है।
सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, हजरतपुर थाना पुलिस को मौके पर जानकारी कर घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।