उझानी (बदायूं)। पुरानी अनाज मंडी में एक मकान में किरायेदार और मकान मालिक के बीच विवाद ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया। पिछले दिनों जिस किरायेदार को एक हिस्से से बेदखल किया गया, उसका कमरे में बाकी बचा सामान सड़क पर फेंक दिया गया। इससे गुस्साए परिवार के सभी सदस्य पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठ गए। पुलिस इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर किरायेदार और उसके परिजन से जानकारी की।
नगर निवासी मोहन पुत्र विजयपाल का परिवार कई साल से पुरानी अनाज मंडी में एक व्यक्ति के मकान में रहता था। मकान मालिक और उसके पिता के बीच इसे लेकर विवाद कोर्ट में पहुंच गया था। विजयपाल की मौत के बाद मकान मालिक और एक अन्य किरायेदार के बीच मामला कोर्ट में पहुंच गया। कोर्ट ने विजयपाल का कब्जा बेदखल करने का आदेश कर दिया। आरोप है कि इसी आदेश की आड़ में पिछले दिनों मोहन को घर से बाहर निकाल दिया गया। उसका घरेलू सामान एक कमरे में रखा रहा। सोमवार पूर्वाह्न में मोहन के कमरे का ताला तोड़कर उसका सामान घर से बाहर सड़क पर फेंक दिया गया। मोहन ने कोतवाली पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाया। वह अपनी मां मिथलेश, पत्नी आरती और परिवार के सभी सदस्यों के साथ सड़क पर दरी बिछाकर कर धरना देने को बैठ गया। पुलिस के समझाने पर मोहन और उसका परिवार नहीं हटा तो बदायूं कोतवाली इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने छानबीन कर कार्रवाई की भरोसा दिलाया है। इसे लेकर पुरानी अनाज मंडी में पूरे दिन अफरातफरी का माहौल बना रहा।