आईआईटी में आयोजित वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। संवाद
बदायूं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बदायूं में आयोजित जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। चौथे दिन वॉलीबॉल का मुकाबला हुआ। फाइनल मुकाबला कादरचौक और बदायूं के बीच में हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में बदायूं ने जीत हासिल की।
जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कादरचौक, दातागंज, दहगवां और बदायूं की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों ने बेहतरीन तालमेल और कौशल का परिचय देते हुए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। मैचों में कई संघर्षपूर्ण मुकाबले देखने को मिले। सबसे अधिक उत्सुकता फाइनल मैच को लेकर रही।
इसमें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बदायूं और कादरचौक की टीमें आमने-सामने आईं। दोनों टीमों ने पूरे दमखम के साथ शानदार खेल दिखाया। शुरुआत से ही मुकाबला कड़ा रहा। अंत में बदायूं की टीम ने निर्णायक सेट जीतकर स्वयं को प्रतियोगिता का चैंपियन साबित किया। जीत के बाद खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई।