शिक्षिका से छेड़छाड़
पर शिक्षक निलंबित
-बीईओ से जांच कराने के बाद बीएसए ने की कार्रवाई
शिक्षिका से छेड़छाड़ पर बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक को बीएसए ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। छेड़छाड़ की शिकायत शिक्षिका ने डीएम और बीएसए से की थी। इसकी खंड शिक्षाधिकारी की ओर से की गई जांच में शिक्षक को दोषी पाया गया। इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
अंबियापुर ब्लाक के एक गांव के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत एक सहायक अध्यापिका ने पिछले दिनों डीएम और बीएसए से शिकायत की थी कि उनसे नाई पिंडरी के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक अरविंद ने छेड़छाड़ की। डीएम ने इस मामले में बीएसए को कार्रवाई के आदेश दिए। बीएसए ने समरेर ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारी से जांच कराई। खंड शिक्षाधिकारी ने जांच कर बीएसए को रिपोर्ट दी। इसमें पृथम दृष्टया छेड़छाड़ की घटना की पुष्टि की गई। इस आधार पर बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने शिक्षक को निलंबित कर दिया। शिक्षक को निलंबन तक बीआरसी उझानी से अटैच किया गया है।
--
गैरहाजिर हेडमास्टर को सेवा समाप्ति का नोटिस
बदायूं। 10 मार्च से बिना पूर्व सूचना के प्राथमिक विद्यालय उल्ला ब्लाक इस्लामनगर से गैरहाजिर चल रहे हेडमास्टर अमीन खान को बीएसए ने सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया है। पिछले दिनों बीएसए ने इस विद्यालय का निरीक्षण किया तो हेडमास्टर के बिना अनुमति गैरहाजिर होने की बात सामने आई। इस पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को हेडमास्टर से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए थे लेकिन हेडमास्टर ने कोई जवाब दाखिल नहीं किया। इसको गंभीरता से लेकर बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने हेडमास्टर को अब सेवा समाप्ति का नोटिस देकर जवाब दाखिल करने का अंतिम मौका दिया है। चेताया है कि अगर जवाब नहीं मिलता है तो सेवा समाप्त कर दी जाएगी।