जिले में चल रही प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण में शनिवार को पहले दिन की अपेक्षा नियुक्ति लेने वाले अभ्यर्थियों की संख्या कम रही। सिर्फ 213 अभ्यर्थी ही पहुंचे। जिन्हें काउंसिलिंग के दौरान दस्तावेज जमा कर नियुक्ति पत्र बांट दिए गए। भीड़ न होने की वजह से व्यवस्थाएं दुरस्त रहीं।
लंबी जद्दोजहद के बाद कहीं जाकर छह फरवरी से प्रशिक्षु भर्ती की प्रक्रिया शुरू कराई गई। पहले दिन पुरुष अभ्यर्थियों को बुलाया गया तो शनिवार को महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया। इसमें 121 महिलाओं ने पहुंचकर अपने काउंसिलिंग में अपने दस्तावेज जमा कर नियुक्ति पत्र लिए। वहीं 16 पुरुष अभ्यर्थियों को भी शामिल करते हुए नियुक्ति पत्र दे दिए गए। बीएसए कृपा शंकर वर्मा ने बताया कि नियुक्ति पत्र साथ-साथ दिए जा रहे हैं। एक तरफ दस्तावेज चेक कराते हुए जमा किए जा रहे हैं। वहीं तुरंत ही नियुक्ति पत्र दे दिया जा रहा है। अब यह सभी आवंटित स्कूलों में ज्वाइनिंग करेंगे। बताया कि दो दिन में 786 में से 350 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। वर्मा ने बताया कि सोमवार को छूटे हुए अभ्यर्थियों को एक मौका और दिया जाएगा।
गणित-विज्ञान में भी छह अभ्यर्थी पहुंचे
बदायूं। शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गणित-विज्ञान की सातवीं काउंसिलिंग भी डायट संस्थान में कराई गई। प्रशिक्षु भर्ती प्रक्रिया के साथ एक तरफ लगाए गए काउंटर पर पूरे दिन में रिक्त एससी, एसटी पदों पर छह अभ्यर्थियों ने पहुंचकर काउंसिलिंग कराई। बीएसए कृपा शंकर वर्मा ने बताया कि जिले में निर्धारित 498 पदों के सापेक्ष एससी-एसटी के करीब आधा दर्जन पद रिक्त रह गए थे। जिन्हें भरने के लिए काउंसिलिंग कराई गई। इसमें छह अभ्यर्थियों को शामिल करते हुए उनके दस्तावेज जमा कर लिए गए हैं।