बदायूं। बिसौली में शराब का गोदाम सील होने से धंधेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस मामले में अभी और भी कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है। सहारनपुर से जो शराब टैक्स चोरी करके लाई जा रही थी। वह इसी गोदाम में रखी जा रही थी। फिर यहां से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई होती थी। इससे माना जा रहा है कि अब करोड़ों रुपये की शराब जिले में खपा दी गई होगी।
ये मामला तब पकड़ में आया, जब लखनऊ और मेरठ की एसटीएफ टीम ने सहारनपुर जिले में छापा मारा और करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी। जब इसके तार जोड़े गए तो उनमें एक नाम बदायूं जिले का भी निकला। जिस पर जिले के बिसौली स्थित गोदाम पर छापा मारा गया था, लेकिन यहां तो पूरा फर्जीवाड़ा निकला। एक तो गोदाम के सीसीटीवी कैमरे बंद निकले, उसकी रिकॉर्डिंग ही गायब थी। अग्निशमन यंत्र नहीं था, और 1900 पौवे कम पाए गए थे। इस पर गोदाम को सील करा दिया गया। साथ ही आबकारी इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस खेल में किसी अकेले का काम नहीं है। ये धंधा पूरा रैकेट चला रहा था। सहारनपुर से नंबर एक में शराब लाकर बदायूं जिले में खपा दी जाती थी, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी। इसका खुलासा तब हुआ, जब सहारनपुर में छापामारी हुई। उसकी आंच बदायूं तक आई। इस मामले में स्थानीय अधिकारी कुछ बताने को तैयार नहीं है, लेकिन इतना बड़ा फर्जीवाड़ा करने में कई लोग शामिल हो सकते हैं। इसमें गोदाम प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।