बदायूं। प्रमुख सामाजिक व साहित्यिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए सिविल लाइन थाने पहुंचे। मोरारी बापू पर श्रीकृष्ण व बलराम के ऊपर गलत टिप्पणी करने का आरोप लगाया और इसके खिलाफ तहरीर दी।
दृष्यम मानवाधिकार अभियान के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने कहा कि मोरारी बापू ने अपने बयान से देश में रहने वाले भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। भगवान के विषय में ऐसा बयान निंदनीय है। वह जातिवाद और पक्षपात से ग्रसित हैं। उन्होंने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। जिला आर्य प्रतिनिधि सभी के प्रधान आचार्य वेदव्रत आर्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने संपूर्ण विश्व में धर्म की स्थापना की है। हम उन परमात्मा के खिलाफ एक शब्द भी बर्दास्त नहीं करेंगे। इस मौके पर अधिवक्ता सभा, स्मृति वंदन, संत रविदास सेवा न्यास, बदायूं गौरव क्लब, युवा रालोद, आजाद हिंद वाहिनी, बाबा समाज सेवा समिति समेत अन्य संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।