जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज को दवा लिखते डॉक्टर। संवाद
बदायूं। जिला अस्पताल की ओपीडी में घुटनों और रीढ़ की हड्डी में दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इससे उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। डाॅक्टर ने बताया कि गलत खानपान के कारण घुटनों का साइनोवियल फ्लूड खत्म हो रहा है। इसलिए ऐसी बीमारी बढ़ी है। ऐसे मरीजों को पर्याप्त पोषण लेने व नियमित कसरत करने की जरूरत है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में उपचार को पहुंचे सुधीर प्रताप सिंह (40) ने बताया उनके घुटनों से आवाज आती है। वह हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. वागीश वाष्र्णेय से मिले। बताया कि झुकने से रीढ़ में दर्द होने लगता है। इसी तरह मरीज अरविंद कुमार (45) ने बताया कि सीढ़ी चलने पर घुटनों में दर्द होता है। कई बार तो सूजन आ जाती है। दोनों ही मरीजों को डॉक्टर ने दूध और घर में बनी चीजों को खाने की सलाह दी।
डॉक्टर ने बताया कि पर्याप्त पोषण न मिलने की वजह से घुटने और रीढ़ की हड्डी साइनोवियल फ्लूड कम होने लगता है। अगर समय पर इसका इलाज नहीं किया गया तो गठिया और बाई जैसी समस्या हो सकती है। उन्होंने बताया कि रात को खाना खाने के बाद दूध का जरूर लें, नियमित रूप से कसरत करें, ताकि शरीर को फिट रखें।