स्टाक में गेहूं, चावल मिला कम, रजिस्टर नहीं किया पेश
एसडीएम के निर्देश पर पहुंची, दुकान सिठौलिया से संबंद्ध
राशन वितरण में लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर पूर्ति विभाग की टीम ने उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान एक दुकान पर वितरण की नियत तिथि से पूर्व राशन सामग्री कम मिलने के साथ ही अनियमितताएं मिलने पर राशन कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। राशन दुकान को सिठौलिया खाम से संबद्ध कर दिया है।
एसडीएम जंगबहादुर यादव को राशन वितरण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक जयवीर सिंह को टीम के साथ राशन दुकानों पर छापामारी के निर्देश दिए। इस दौरान गांव हरदतपुर में राशन की दुकान बंद मिलने पर पूर्ति निरीक्षक द्वारा उचित दर विक्रेता कृपाल सिंह को फोन किया। कोटेदार ने बताया कि वह दवा लेने बिसौली आया हुआ है। कुछ समय बाद कोटेदार की मां शीला ने दुकान दिखाई, लेकिन स्टाक रजिस्टर पेश किया। जांच के दौरान राशन सामग्री में दस क्विंटल गेहूं, एक क्विंटल 88 किलो चावल, 38 किलो चीनी कम पाई गई। राशन वितरण की तिथि 16 मई नियत तिथि थी। उससे पूर्व स्टाक में राशन सामग्री कम होने से भ्रष्टाचार में संलिप्तता पाई गई। दुकान पर साइन बोर्ड, स्टाक बोर्ड, एनएफएस बोर्ड, कॉल सेंटर, टोल फ्री नंबर के अलावा किसी भी योजना के कार्डधारकों की सूची टंगी नहीं मिली। इन तमाम अनियमितताओं के आरोप में कोटेदार के खिलाफ उत्तर प्रदेश अनुसूचित वस्तु वितरण आदेश 2004 के उल्लंघन की धाराओं में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।