छात्र-छात्राओं के साथ एडीजी। स्रोत- पुलिस विभाग
बदायूं। पुलिस लाइन सभागार में बृहस्पतिवार को हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (नियम एवं ग्रन्थ) एलवी एन्टनी देव कुमार ने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यशैली, कानून व्यवस्था और सामाजिक उत्तरदायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय बदायूं, गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय और गोविन्द बल्लभ पंत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली, भीड़ नियंत्रण, अपराध जांच, यातायात नियंत्रण और साइबर क्राइम से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
एडीजी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पुलिस विभाग की संरचना और जिम्मेदारियों से इंटर्नशिप की तरह जोड़ना है ताकि उनमें कानूनी समझ, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रशासनिक जागरूकता विकसित हो सके। उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनके अनुभव जाने और कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों, मानव तस्करी और नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर विशेष जानकारी दी गई। एडीजी ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कुमार कठेरिया, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।