बदायूं। इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम का गठन कर उन्हें प्रशिक्षण दिए जाएगा। इसके बाद वह सभी छात्र-छात्राओं को इसमें दक्ष करेंगे।
जिले के माध्यमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं को आपदा की जानकारी देने के लिए जिला व विद्यालय स्तर पर स्कूल सेफ्टी एडवाइजरी कमेटी का गठन होगा। इसको लेकर सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय आपदा प्रबंधन समिति में प्रधानाचार्य को अध्यक्ष, उप प्रधानाचार्य या वरिष्ठ शिक्षक के साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक शामिल होंगे। इसके साथ ही एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, क्लास मॉनीटर में से एक से चार सदस्य लिए जाएंगे।
आपदा विशेष, नजदीकी अग्निशमन केंद्र व नजदीकी पुलिस स्टेशन का एक-एक कर्मी, एक स्थानीय चिकित्सक, नागरिक सुरक्षा में एक वार्डन प्रतिनिधि सदस्य के तौर पर शामिल किए जाएंगे। इस तरह स्कूल स्तर पर उप समितियों का गठन होगा। जागरूकता सृजन एवं चेतावनी और सूचना प्रसार टीम में एक महिला, एक पुरुष शिक्षक समेत दो छात्र, दो छात्राओं को शामिल किया जाएगा। खोजी व बचाव दल में एक शिक्षक भी शामिल होगा। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के बारे में सभी को अवगत कराया है। उसी के अनुसार काम किया जाएगा।