बदायूं। 15 दिन पहले ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली छात्रा को युवक बाइक पर बिठाकर एक गेस्ट हाउस में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा को इतना डराया कि वह कुछ नहीं बोली और गुमसुम रहने लगी। सोमवार को उसने मां को पूरी घटना बताई तो परिजनों ने थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस जांच में जुट गई है।
दातागंज थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी शहर में कक्षा 11 की छात्रा है। 15 दिन पहले वह ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली। आरोप है कि एक युवक बाइक से आया और उसको गंतव्य तक पहुंचाने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि बाद में एक गेस्ट हाउस में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवक ने छात्रा को धमकी दी कि अगर किसी से कुछ कहा तो जान से मार देगा। छात्रा ने किसी को कुछ नहीं बताया। गुमसुम रहने लगी। 15 दिन बाद घटना मां को बताई। परिवार की ओर से थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।