उसावां (बदायूं)। उसावां-अकबरपुर मार्ग पर ग्राम शंकरपुर के पास पहिये का बेयरिंग टूटने की वजह से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार नेम सिंह (17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके ताऊ रूपराम घायल हो गए। नेम सिंह इंटर का छात्र था।
थाना क्षेत्र के गांव कलक्टरगंज निवासी रूपराम सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से गेहूं बेचने उसावां आए थे। साथ में उनका भतीजा नेम सिंह पुत्र वीरपाल भी था। बताया जाता है कि रूपराम उसावां से गेहूं बेचकर करीब 12 बजे अपने गांव कलक्टरगंज लौट रहे थे। इसी दौरान शंकरपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली का बेयरिंग टूट गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकलते ही ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में नेम सिंह ट्रॉली के नीचे दब गए। राहगीरों की सूचना पर थानाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस से दोनों को उसावां सीएचसी लाए, जहां पर डॉक्टर ने नेम सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल रूपराम (65) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजन गांव वालों के साथ रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। मृतक की मां शकुंतला देवी व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। नेतराम के दो भाई व तीन बहनें हैं। सभी भाई बहनों में नेतराम तीसरे नंबर का था। पिता वीरपाल खेती करते हैं। इधर, सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि हादसे में इंटर के छात्र की मौत हुई है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है।
हाईवे पर इको वैन व बाइक की भिड़ंत में युवक घायल
बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर जाहरवीर बाबा मंदिर के निकट सोमवार दोपहर इको वैन और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर घायल को बिल्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव फतेहपुर कूबरी निवासी डब्ल्यू सिंह पुत्र रूम सिंह सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान इस्लामनगर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही इको वैन और बाइक की जाहरवीर बाबा मंदिर के पास टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
बिल्सी सीएचसी में घायल डब्लू सिंह का उपचार करती टीम। संवाद
बिल्सी सीएचसी में घायल डब्लू सिंह का उपचार करती टीम। संवाद