म्याऊं। उसावां थाना क्षेत्र के गांव सांड़ी में रविवार को रोटावेटर की चपेट में आने से अक्षय कुमार (20) की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के पिता ने दो युवकों पर बेटे को साजिश के तहत धक्का देकर रोटावेटर पर गिराने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
गांव सांड़ी निवासी ओम सिंह ने आरोप लगाया है कि हिमांशु (14) पुत्र हरिश्चंद्र और उसका साथी दीपू (20) पुत्र मुकेश रविवार को उनके घर के बाहर ट्रैक्टर लेकर आए थे। ट्रैक्टर चलाना सिखाने की बात कहकर दोनों उसे अपने साथ ले गए। ट्रैक्टर की सीट पर बैठे अक्षय को दीपू ने जानबूझकर धक्का दे दिया, जिससे वह रोटावेटर की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता ओम सिंह का यह भी आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले अक्षय और दीपू के बीच विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते उसके बेटे को धक्का देकर मौत के घाट उतारा गया।
गौरतलब है कि रविवार को खेत की जोताई के दौरान रोटावेटर में फंसने से अक्षय कुमार की मौत हो गई थी। उस समय इसे दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन परिजनों की तहरीर के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
मृतक के पिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। इसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।- अशेष नाथ सिंह, सीओ दातागंज