कई स्थानों पर आज होंगे योग के सामूहिक आयोजन, जिला प्रशासन ने भी कमर कसी
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए जिला तैयार है। बुधवार को भोर से ही जिले भर में योग दिवस के आयोजन किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से भी इसके लिए खास तैयारियां की गई हैं। बदायूं क्लब समेत कई स्थानों पर शहर में योग के आयोजन होंगे। प्रमुख आयोजनों में पुलिस फोर्स और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
डीएम अनिता श्रीवास्तव ने बदायूं क्लब में योग स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रात: छह बजे से आयोजन होगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में आकर योग कार्यक्रम को सफल बनाएं। तैयारियों का जायजा लेते समय एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव, डीआईओएस राकेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर पारस नाथ, अनिल कुमार डीएम के साथ रहे।
----------
500 लोगों को योग कराकर प्रशिक्षित करने का लक्ष्य
बिल्सी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में मनाया जाएगा। स्कूल के प्रशासक वीपी सिंह ने बताया कि योग महोत्सव बुधवार को सुबह साढ़े छह बजे से मनाया जाएगा। इसमें एसडीएम एचएल शुक्ला मुख्य अतिथि रहेंगे। वहीं इस्लामनगर में केएम इंटर कॉलेज और एचएस इंस्टीट्यूट में लगातार हुईं बैठकों के बाद पांच सौ लोगों को योग कराके उन्हें प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। एचएस इंस्टीट्यूट के हरे भरे विशाल पार्क में मंच बनाकर योग का आयोजन किया जाएगा। अशोक यादव और संजीव वार्ष्णेय ने योग क्रियाएं संपादित कराने का जिम्मा लिया है। चैयरमैन वीरेंद्र लीडर ने बुधवार को नगर में विशेष सफाई कराके स्वास्थ्य संदेश देने की बात कही। इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर एमएम वशिष्ठ, नीरज वशिष्ठ, प्रधानाचार्य सुनील मिश्र, नन्हे लाल, कल्पना गुप्ता, जय देवी शास्त्री, राकेश गुप्ता, रनविजय यादव, वीरेंद्र बोबी आदि ने फ्लैक्स बनवाकर व्यापक प्रचार प्रसार किया।
---
हाईवे पर योग करेगी भाकियू
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन ने राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर योग करके केंद्र सरकार का विरोध करेगी। भाकियू के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह और बीकेडी जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि योग दिवस पर राजमार्ग पर अन्नदाता योग करते दिखाई देंगे। नगर अध्यक्ष हारून गौस ने कहा कि इसे सफल बनाने के लिए गांव-गांव भ्रमण किया गया। मंगलवार को भाकियू की कई टीमें होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से मिली। उन्होंने कहा कि सुबह आठ बजे मालवीय आवास गृह में एकत्र होने के बाद हाईवे पर बैठकर योग किया जाएगा।
----------
नेत्रदाता, देहदानी भी करेंगे योग क्रियाएं
जनपद के नेत्रदाता तथा देहदानी भी बुधवार को विभिन्न स्थानों पर पहुंच कर योग क्रियाओं को करेंगे। ज्यादातर लोग बदायूं क्लब में, विज्ञान क्लब में तथा अपने निकटवर्ती क्षेत्रों में जाकर योग करेंगे तथा आगे भी योग के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। यह जानकारी पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. विष्णु प्रकाश मिश्र ने दी।
भारतीय शौर्य संस्थान की ओर से अब तक 241 स्त्री-पुरुष नेत्रदान की प्रक्रिया पूर्ण कर चुके हैं और 44 स्त्री-पुरुष अपनी मृत्यु के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों के अध्ययन के लिए शपथ पत्र देकर देहदान का संकल्प ले चुके हैं तथा सभी कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर चुके हैं।
इन स्थानों पर होंगे योग कार्यक्रम
- बदायूं क्लब बदायूं प्रांगण में सुबह पांच से साढ़े सात बजे तक - राजमहल गार्डन में बदायूं में सुबह पांच से साढे सात बजे तक - ब्लॉक जगत के लिए शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में - सहसवान में प्रमोद संस्कृत पाठशाला में
- दातागंज में संतोष कुमार इंटर कॉलेज गनगोला
- अंबियापुर में एनए इंटर कॉलेज बिल्सी
- वजीरगंज में मुन्ना लाल इंटर कॉलेज तथा देवकी नंदन सेनानी इंटर कॉलेज
- बिसौली में मदन लाल इंटर कॉलेज तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बुद्ध बाजार - कादरचौक में श्री गढ़ी बाबा इंटर कॉलेज
- इस्लामनगर में केएम इंटर कॉलेज
-म्याऊं में नेहरू इंटर कॉलेज अलापुर
- उसावां में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज
-समरेर में बीआरसी केंद्र समरेर
- आसफपुर में त्रिवेणी सहाय इंटर कॉलेज
- उझानी में पालिका इंटर कॉलेज तथा श्री हरविलास गोयल इंटर कॉलेज
-सालारपुर में द्रौपदी देवी सरस्वती इंटर कॉलेज -दहगवां में अशर्फी लाल लक्ष्मीनारायण इंटर कॉलेज - बिनावर में चौपाल सागर प्रांगण में शिविर लगाए जाएंगे। -राजकीय मेडिकल कॉलेज के ओपीडी प्रांगण में सुबह साढे आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक होगा - श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज