इस्लामनगर। गांव सिठौली में 17 बीघा जमीन को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। माैके पर पहुंची पुलिस के सामने ही एक पक्ष ने लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर दी और दूसरे पक्ष ने भी पथराव कर दिया। पथराव में एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने लाइसेंसी रायफल के साथ पिता पुत्र को पकड़कर थाने ले गईं।
गांव सिठौली में 17 बीघा जमीन को लेकर काफी दिनों से शेर बहादुर और दूसरे पक्ष का विवाद है। कोर्ट ने शेर बहादुर के हक में जमीन का फैसला कर दिया था। इस वजह से रविवार शाम शेर बहादुर और उनके परिवार के लोग जमीन के चारों ओर बांस बल्ली लगाकर कब्जा कर रहे थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग पहुंच गए। उन्होंने दावा किया कि वह जमीन आंबेडकर पार्क की है। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में बहस शुरू हो गई। मामला तूल पकड़ने लगा। विवाद बढ़ता देख शेर बहादुर ने इस्लामनगर पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो दूसरे पक्ष ने बांस बल्ली उखाड़कर फेंकना शुरू कर दिया। इसलिए शेर बहादुर घर से रायफल निकाल लाए और दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही दूसरे पक्ष ने पथराव कर दिया। इससे कांस्टेबल जयदेव घायल हो गए। पुलिस टीम ने पथराव कर रहे लोगों को लाठी डंडे फटकार कर खदेड़ दिया। इसके बाद पुलिस शेर बहादुर और उनके बेटे शनिदेव को रायफल समेत थाने ले गई। अधिकारियों का दावा है कि पथराव करने वाले व फायरिंग के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह ने बताया, जमीन का मामला कोर्ट में चल रहा था। कोर्ट के आदेश पर शेर बहादुर जमीन पर कब्जा लेने गया था। यहां दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए पथराव कर दिया। शेर बहादुर पर फायरिंग का आरोप है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।