वजीरगंज में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट का एक दृश्य। संवाद
- फोटो : BADAUN
वजीरगंज। युवा क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में चल रहे ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला वजीरगंज व पुसगवां के बीच हुआ। इसमें आतंक क्रिकेट क्लब वजीरगंज ने चैंपियन क्लब पुसगवां को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। वजीरगंज के अरुण चार विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने। रविवार को वजीरगंज व सैदपुर के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
शुक्रवार को हुए सेमीफाइनल मैच में पुसगवां के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते करते हुए 16 ओवर में नौ विकेट पर 104 रन बनाए। इसमें वसीम ने 22 व तौसीफ ने 19 रनों के योगदान दिया। वजीरगंज के लिए अरुण ने चार और दीपक ने दो विकेट लिए। जीत के लिए 105 रनों का लक्ष्य लेकर खेलने उतरे वजीरगंज के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पुसगवां के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए मात्र 15 गेंदों पर 35 रन बना डाले। 16 वीं गेंद पर बड़ा हिट लगाने के प्रयास में रजनेश लांग ऑन बाउंड्री पर 20 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर अपना कैच दे बैठे।
रजनेश के बाद खेलने आए करीम ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए धुंआधार बल्लेबाजी की। उन्होंने विशेष के साथ दूसरे विकेट की साझेदारी करते हुए मात्र 46 गेंदों में 70 रन बनाकर आसानी से नौ विकेट से मैच जीत कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
करीम ने 28 गेंदों पर पांच छक्कों व दो चौकों की मदद से 42 रन और विशेष ने 28 गेंदों पर 31 रन बनाए। पुसगवां के लिए एक मात्र विकेट करन ने लिया। वजीरगंज के अरुण चार विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने।