जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी खेलते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी मैच का आयोजन किया गया। इसमें प्राथमिक विद्यालय, बहेड़ी की टीम ने जीत हासिल की। वही मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया।
रविवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मदर एथीना स्कूल, प्राथमिक विद्यालय बहेड़ी ओर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ियों प्रतिभाग किया। मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि दातागंज एसडीएम पारसनाथ मौर्य ने किया। उन्होंने कहा कि खेल में एक हारता और एक जीतता है। हारने से मतलब यह नहीं है कि खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया। बल्कि सामने वाले ने हमसे बेहतर तरीके से खेला। ऐसे में हमें और बेहतर बनने के लिए कड़े अभ्यास की जरूरत होगी।
इसके बाद में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मैच जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम और बहेड़ी के प्राथमिक विद्यालय में हुआ। इस रोमांचक मैच में शुरुआत में ही बहेड़ी की टीम ने 1-0 से बढ़त बना ली जो आखिर तक बनी रही। विजेता बहेड़ी की टीम को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। हॉकी प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज त्यागी, बृजेश कुमार सिंह, नकी अहमद, अजय कुमार ने सहयोग किया। संचालन उप क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने किया। क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया ने सभी का आभार जताया। संवाद