बदायूं। एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र कुलदीप यादव बागपत में पिछले बीते माह नवंबर में हुई ओपन नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में गोल्ड पा चुके हैं। तमाम कठिनाइयों और अव्यवस्थाओं के बाद भी कुलदीप का जुनून कम नहीं है। इंटर कॉलेज में भले ही उनको खेल अध्यापक का सानिध्य मिल गया हो, लेकिन यूनिवर्सिटी स्तर पर कोई सहयोग नहीं मिल पा रहा। इसके बाद भी कुलदीप ने हार नहीं मानी और लगातार खेल में अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं, साथ ही अपने साथियों का नेतृत्व भी कर रहे हैं।
ब्लॉक जगत के गांव बीवीपुर के रहने वाले कुलदीप यादव ने खेल की शुरुआत वर्ष 2014 में एसके इंटर कॉलेज से की। यहां खेल अध्यापक के सानिध्य में कबड्डी के गुर सीखे। नियमित अभ्यास के साथ जिला और मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया। स्नातक में दास कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद भी कुलदीप खेल के प्रति सचेत रहे। यहां सुविधाएं न मिलने के बावजूद कुलदीप का खेल प्रदर्शन जारी रहा। कुलदीप ने स्वयं कबड्डी टीम का गठन किया। वर्ष 2016 में आजमगढ़ और वर्ष 2017 में फैजाबाद में हुई प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया और दूसरा स्थान पाया। इसी वर्ष 19 नवंबर को बागपत में आयोजित ओपन नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर जिले का नाम रोशन किया। कुलदीप सेना में जाना चाहते हैं। इसके लिए वह तैयारी भी कर रहे हैं। कहते हैं कि जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी के कोच नहीं हैं। इसके अलावा कॉलेज में भी कबड्डी के लिए प्रोत्साहन की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।