उसहैत। क्षेत्र के अटैना घाट के पुल पर बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गईं, जहां युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को भर्ती कराया गया है।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव नगरिया अभय निवासी कौशल (27) अपने पिता बृजपाल के साथ बाइक से कंपिल जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अटैना गंगा घाट पर पहुंची कि सामने से आ रहे फर्रुखाबाद निवासी अजयपाल (32 साल) पुत्र ब्रह्मानंद की बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइकों पर सवार पिता-पुत्र समेत तीनों गंभीर घायल हो गए।
हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने कौशल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों को भर्ती कर उपचार शुरू कराया गया है। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है।
फोटो 08, 09
पैदल घर लौट रहे मजदूर की वाहन की चपेट में आकर मौत
- शुक्रवार शाम की घटना, जांच में जुटी थाना पुलिस
- गांव बरौर अमानुल्लाहपुर के रहने वाले थे किशनवीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने परिजनों के साथ उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भेजकर जांच शुरू कर दी है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बरौर अमानुल्लाहपुर निवासी किशनवीर (30 साल) पुत्र रोशन लाल कस्बा वजीरगंज में मजदूरी करते थे। शुक्रवार शाम को भी वह रोज की तरह मजदूरी कर पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर मुख्य सड़क पर सामने से तेज रफ्तार आ रहे किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गाड़ी लेकर चालक मौके से भाग गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल किशनवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
रोडवेज की बस में घुसी बाइक, चालक घायल
- एमएफ हाईवे पर शनिवार की सुबह हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र की रहेड़िया चौकी के पास एमएफ हाईवे पर बाइक रोडवेज बस में घुस गई। बस चालक ने ब्रेक लगाए, फिर भी बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल को सैदपुर सीएचसी भेजा, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव पलेई निवासी जयवीर (40 साल) पुत्र छोटेलाल बाइक से बिसौली की ओर जा रहा था। रहेड़िया चौकी के पास अचानक बाइक सवार सामने से आ रही रोडवेज बस में जा घुसा। गनीमत रही कि बस चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। बावजूद इसके बाइक चालक उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। पुलिस ने उसको सीएचसी भेजकर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग हालत गंभीर देखते हुए उसे बरेली ले गए। जहां उसका उपचार चल रहा है। हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि वह दूध का व्यापार करता है। उसी के काम से वह बाइक से बिसौली जाने की कहकर निकला था।
बस का अगला पहिया निकला
इमरजेंसी ब्रेक लगाते वक्त रोडवेज बस का अगला पहिया निकल गया। चालक ने बताया कि ब्रेक लगाने से पहिया निकल गया, लेकिन बाइक सवार को बचा लिया गया। अगर वह ब्रेक नहीं लगाता तो उसकी कुचलकर मौत हो सकती थी।
बस व बाइक को पुलिस ने थाने पहुंचाया
हादसे के बाद रोडवेज बस को पुलिस ने पेट्रोल पंप पर खड़ा कराया है। साथ ही क्षतिग्रस्त बाइक को थाने भिजवा दिया गया है। गनीमत रही कि बस में कम यात्री थे। बस मुरादाबाद डिपो की थी जो बदायूं जा रही थी।
जानकारी देते किशनवीर के परिजन। संवाद