चंद बैंकों में एक्सचेंज हुए रुपये, बाकी में सिर्फ जमा
एक हजार और पांच सौ रुपये के नोट बंद होने के बाद बैंक शाखाओं के बाहर रुपये एक्सचेंज करने वालों की भीड़ कम नहीं हो रही है। अधिकांश बैंक शाखाओं में सुबह से ही कैश नहीं; का बोर्ड चस्पा कर दी जाती है, जिससे सुबह से लाइन में लगे लोग दूसरी बैंक शाखाओं की ओर पहुंच जाते हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल की कुछ शाखाओं को छोड़कर अधिकांश बैंक शाखाओं में रुपये एक्सचेंज नहीं हो पाए। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अन्य बैंक शाखाओं में रुपये जमा किए जा रहे हैं, जबकि बैंक ऑफ बड़ौदा एवं एचडीएफसी बैंक शाखा अपने ग्राहकों को प्राथमिकता के आधार पर रुपये दे रहे हैं, जबकि एक्सचेंज करने से बच रहे हैं।
मंगलवार को सुबह से स्टेट बैंक की मुख्य शाखा एवं टिकटगंज शाखा, पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा, एचडीएफसी, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूको, आईसीआईआई, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सिंडीकेट बैंक, सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखाओं में लोगों की लाइन लग गई। इनमें से कुछ बैंक खुलने पर कैश नहीं का बोर्ड लगने पर लोगों ने हंगामा किया, लेकिन रुपये की जरूरत होने पर दूसरी बैंकों के बाहर लाइन में लग गए। चंद बैंकों को छोड़कर लोग रुपये निकालने में लगे रहे। रोजाना की तरह धक्का-मुक्की, शोर-शराबा और हंगामा चलता रहा।