कुंवरगांव क्षेत्र में हुए भंडारे में संतो को प्रसाद परोसकर सेवा करतीं मंत्री गुलाबो देवी। स्रो
कुंवरगांव। सोई स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर एवं संत सेवा आश्रम में पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन श्रद्धा के भाव के साथ संपन्न हो गया। श्री मारुतिनंदन महायज्ञ, रासलीला और श्रीरामलीला दर्शन के आयोजन में देश के विभिन्न तीर्थस्थलों से पांच हजार से अधिक साधु-संत पहुंचे।
शनिवार को हनुमत जन्मोत्सव के अवसर पर भंडारा हुआ। व्यवस्थापक महंत फूल बाबा शरण महाराज ने सोई धाम पहुंचे संतों को कंबल और दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने भी भंडारे में पहुंचकर संतों की सेवा कर उनसे आशीर्वाद लिया।
श्रीश्री 1008 विदेहनंदिनी शरण महाराज की कृपा से आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ एक नवंबर को कलशयात्रा से हुआ था। दो से चार नवंबर तक वृंदावन के कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया। पांच और छह नवंबर को शिवपुरी के कलाकारों ने श्रीरामलीला दर्शन प्रस्तुत किए।
वहीं महायज्ञ में काशी एवं मध्यप्रदेश के सतना स्थित संत कुंज आश्रम से आए यज्ञाचार्य श्री राधेश्याम शास्त्री सहित विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां संपन्न कराईं। यज्ञशाला में गूंजते मंत्रों और जय श्रीराम-जय हनुमान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। उत्तराखंड, काशी, मथुरा, चित्रकूट और वृंदावन सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से पहुंचे साधु-संतों ने कल्पवास कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कुंवरगांव क्षेत्र में हुए भंडारे में संतो को प्रसाद परोसकर सेवा करतीं मंत्री गुलाबो देवी। स्रो