उझानी में बरातियों से मारपीट के बाद जानकारी देता दूल्हा का भाई तेगबहादुर। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। बरात चढ़त के दौरान बैंडबाजे अपने दरवाजे तक बुलाने की जिद पर अड़े बिचौलिया और बरातियों में कहासुनी के बाद जमकर हंगामा हो गया। मारपीट के साथ बरातियों पर पथराव कर दिया गया। पथराव और मारपीट में दूल्हा समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा करने वालों को खदेड़ दिया लेकिन इसे लेकर देर रात तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर शादी की सभी रस्में पूरी कराईं। दूल्हे के भाई ने मारपीट और पथराव समेत हंगामा के दौरान आरोपियों पर बैग छीन ले जाने की तहरीर कोतवाली पुलिस को सौंप दी।
नरऊ निवासी व्यक्ति की बेटी की बरात कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर माफी निवासी तोताराम का बेटा बॉबी लाया था। बैंडबाजों के साथ बरात करीब 11 बजे दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच गई। आरोप है कि उसी दौरान बिचौलिया दूल्हा के साथ बैंडबाजे अपने दरवाजे तक बुलाने की जिद पर अड़ गया। इसे लेकर दूल्हा के भाई तेगबहादुर और बिचौलिया में कहासुनी हो गई। आरोप है कि बिचौलियों पक्ष के लोगों ने हंगामा कर दिया। बरातियों पर पथराव भी कर दिया। दूल्हा बॉबी, तेगबहादुर, शिवा और गाजियाबाद जिले के कबीरनगर थाना क्षेत्र में महरौली निवासी रिश्तेदार संजय समेत छह लोग घायल हो गए। बरातियों पर लाठी-डंडों से भी हमला किया गया।
तेग बहादुर ने फोन कर पुलिस को बुला लिया। आरोपियों को खदेड़ने के बाद तीन लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ भी की गई। देर रात ही तेगबहादुर ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली आकर तहरीर सौंप दी। उसने आरोपियों पर बैग छीन ले जाने का आरोप लगाया है। बैग में उसने दो लाख रुपये के जेवरात और 60 हजार रुपये नकद बताए हैं। पुलिस ने घायलों का रात में ही मेडिकल भी कराया। मारपीट के बाद शादी की सभी रस्में पुलिस की मौजूदगी में पूरी हुईं। दोनों पक्ष एक ही जाति के हैं।
बरात चढ़ते समय कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव की सूचना के बाद मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गया। रिपोर्ट दर्ज करने से पहले खासकर बैग के आरोप को लेकर तहकीकात की जा रही है। बिचौलिया घर पर नहीं मिला है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करेंगे।
-हरपाल सिंह बालियान, प्रभारी निरीक्षक