फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: स्कूल से बीमार छात्रा को बाहर निकाला, मौत

Wed, 04 Sep 2024 06:21 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
छात्रा अंजली की मौत के बाद अर्सिस ब​​र्खिन के स्कूल में जुटे लोग। संवाद
विज्ञापन
कुंवरगांव (बदायूं)। सलारपुर के असिर्स बर्खिन गांव में सोमवार देर शाम कक्षा एक की छात्रा की मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजन ट्रैक्टर ट्राली में शव रखकर स्कूल ले गए और जमकर प्रदर्शन किया। परिजन का कहना है कि सोमवार को बच्ची स्कूल गई थी। जहां स्वास्थ्य खराब होने पर शिक्षकों ने उसे बाहर निकाल दिया। काफी देर तक वह सड़क पर बेसुध पड़ी रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन



गांव असिर्स बर्खिन निवासी महिपाल ने बताया कि पुत्री अंजलि (आठ) को सोमवार को उल्टी-दस्त हो रहे थे। परिवार वालों ने स्कूल जाने से मना किया, बावजूद इसके वह चली गई। स्कूल में वह बेहोश होकर गिर गई। अध्यापकों ने न तो परिजनों को सूचना दी और न ही किसी डॉक्टर से दवा ही दिलाई। बल्कि छात्रा को स्कूल से बाहर निकाल दिया।
हालत खराब होने पर काफी देर तक छात्रा स्कूल के बाहर सड़क पर बेसुध पड़ी रही। होश में आने पर जैसे-तैसे वह घर पहुंची। परिवार के लोग उसे कस्बे के ही एक झोलाछाप के यहां ले गए और दवा दिलाकर लौटा लाए। सोमवार देर शाम छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया।
विज्ञापन

मंगलवार सुबह परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ छात्रा का शव ट्रैक्टर-ट्राली में लेकर स्कूल पहुंचे। विद्यालय के गेट के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस पर वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर परिजन शांत हुए। महिपाल ने स्कूल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


-10 दिन पहले ही छात्रा और उसके भाई का दाखिला हुआ है। अंजलि को पिछले तीन-चार दिन से बुखार आ रहा था। इसको लेकर सोमवार को 11:40 बजे कॉल करके बुलाया था। बच्ची के पिता स्कूल आकर उसे घर ले गए। छात्रा को स्कूल से बाहर निकाल देने का आरोप गलत है।
- निशांत शर्मा, प्रभारी प्रधानाध्यापक


बच्ची के शव को लेकर परिजन व गांव वाले स्कूल के गेट पर पहुंचे। उन्हें समझा दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। परिजन की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
विज्ञापन

रामेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, कुंवरगांव

छात्रा अंजली की मौत के बाद अर्सिस बर्खिन के स्कूल में जुटे लोग। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें