बदायूं। चार दिन पहले शादी करने वाली दुल्हन अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती है। शनिवार की शाम उसने भागने होने का प्रयास किया, इस बीच पति ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। युवक की शादी 13 नवंबर को हुई थी। पुलिस ने दुल्हन के रिश्तेदारों को थाने बुलाया है।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव भिन्दुलिया निवासी युवक की शादी रुद्रपुर निवासी एक युवती से 13 नवंबर को हुई थी। शादी करने के लिए युवक ने एक को 50 हजार रुपये दिए थे। शादी बिनावर के एक मंदिर में हुई। शनिवार की शाम दुल्हन मौका पाकर घर से निकल गई। साथ में जेवरात भी ले जा रही थी। इसी दौरान उसके पति ने दुल्हन को जाते हुए देख लिया और पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जहां उसने अपने पति के साथ रहने से इन्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कंबोज ने बताया कि दुल्हन के रिश्तेदारों को बुलाया गया है। वह सोमवार की सुबह आएंगे। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।