तिलहर स्थित मेला परिसर में गिरा फ्रीजर। स्रोत: पुलिस
तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित गांव कपसेड़ा में आयोजित मेले में बृहस्पतिवार दोपहर हादसा हो गया। वाटर टैंक गिरने से पास में दुकान लगाए बीसलपुर निवासी अरविंद, उनकी पत्नी आरती व तिलहर क्षेत्र के गांव मोहनापुर निवासी अखिलेश का सात वर्षीय पुत्र निर्मल घायल हो गए। साथ ही वहां पर मौजूद अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतल जल टंकी का कार्य ठीक नहीं किया गया जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने मामले की जांच कराए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि हादसे की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर प्राप्त होने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।