उझानी। कस्बे की एक महिला को पहले मकान बेचने फिर उनके बेटे की शादी करा देने के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार बना लिया गया। उनके सात लाख रुपये और जेवरात भी हड़प लिए गए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मोहल्ला नझियाई निवासी हरदेवी पत्नी सत्यप्रकाश से मोहल्ला किलाखेड़ा की शोभारानी पत्नी स्व. डालचंद्र ने अपना मकान बेचने को सौंदा किया था। इसके तहत हरदेवी ने शोभा को तीन लाख रुपये नकद दिए। कुछ समय बाद शोभा ने मकान बेचने से इंकार कर दिया। हरदेवी ने रुपये लौटाने को जोर डाला तो उनसे कह दिया कि वह उनके बेटे सौरभ की शादी करा देगी। मां- बेटे को झांसे में लेकर बेटे की रिंग सेरेमनी की रस्म भी मंदिर में पूरी कराके हरदेवी से चार लाख रुपये और ले लिए।
रुपये लेते समय हरदेवी से कहा गया था कि फिलहाल उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, शादी के बाद पूरी रकम चुकता कर देंगे। रिंग सेरेमनी के बाद सौरभ की शादी कराने से मना कर दिया। इस काम में बेटी हेमा, बेटे विशाल, रमेश ने भी सहयोग किया। हरदेवी ने कार्रवाई के लिए 25 फरवरी को कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो उन्हें कोर्ट में गुहार लगानी पड़ गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने शोभा, उनकी बेटी हेमा, बेटे दिलीप, रमेश और विशाल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हरदेवी ने पुलिस को कई प्रमाण भी पुलिस को सौंपे हैं।