उझानी। पत्नी की विदा कराने के लिए आजमगढ़ जा रहे कारीगर की ट्रेन से गिर जाने पर मौत हो गई। उनका शव मंगलवार तड़के गांव रियोनइया के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मृतक आसाराम (25) सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्सर-बड़ेरिया निवासी तोताराम के बेटे थे। उनकी ससुराल आजमगढ़ में है। मायके में मौजूद पत्नी को बुलाने के लिए वह सोमवार शाम को घर से निकले थे। देर शाम वह कछला से ट्रेन में सवार हुए थे। सफर के दौरान वह ट्रेन से गिर गए। तड़के कोतवाली पुलिस को रियोनइया के पास रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस कर्मियों ने मौके पर जाकर तहकीकात की। मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड से नाम और पते की जानकारी के बाद उनके भाई चोखेलाल समेत परिजनों को बुलाया गया। उनकी जेब में कछला से बरेली तक का टिकट भी मिला।
पुलिस कर्मियों ने बताया कि मृतक के सिर से खून बह रहा था। ट्रैक पर सिर के बल गिरने से ही उनकी मौत हुई है। शरीर के अन्य हिस्सों में कोई खास चोट नहीं है। मृतक के भाई ने बताया कि आसाराम दिल्ली में सोया चाप बनाने का काम करते थे। उनकी शादी पिछले साल हुई थी। पत्नी को उनका साला पिछले दिनों ही मायके बुलाकर ले गया था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव मृतक के भाई के हवाले कर दिया गया है।