सहसवान। मोहल्ला चाहशीरी और मिर्धाटोला में विद्युत चेकिंग के विरोध में कर्मचारियों के साथ अभद्रता और हाथापाई की गई। विभागीय अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मोहल्ला चाहशीरी और मिर्धाटोला में शनिवार सुबह निगम की टीम विद्युत चोरी की चेकिंग करने गई थी। इसी बीच मोहल्ले के कुछ लोगों ने विद्युत कर्मी सुनील के साथ अभद्रता शुरु कर दी। दूसरी टीम में मौजूद मुबारक अली वीडियो बनाने लगे तो एक महिला ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विद्युत कर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही एसडीओ अभिषेक ऋषि और जेई घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और दो लोगों को हिरासत में ले लिया। उपखंड अधिकारी अभिषेक ऋषि और जेई रजनीश चंद्र ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। देर शाम तक मामला दर्ज नही हो सका था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।