भाकियू टिकैत गुट ने संगठन की टोपी उतरवाने का लगाया आरोप
एसबीआई के जिला समन्वयक पर किसानों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए भाकियू (टिकैत गुट) के पदाधिकारियों ने मालवीय आवास पर धरना एवं प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला समन्वयक का पुतला भी फूंक दिया।
मुद्रा लोन के लिए ऋण स्वीकृत न होने की शिकायत भाकियू ने सिटी मजिस्ट्रेट से की तो उन्होंने एसबीआई के जिला समन्वयक रामगोपाल सागर के पास भेजा। भाकियू पदाधिकारी असलम खैरी के मुताबिक वहां पर जिला समन्वयक ने उन लोगों से भाकियू टोपी उतारकर बात करने के लिए कहा। इसका भाकियू पदाधिकारियों ने विरोध किया तो बहस हो गई। इसके विरोध में भाकियू पदाधिकारियों ने मालवीय आवास पर धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि जब तक रामगोपाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है, तब तक भाकियू धरना प्रदर्शन जारी रखेगी। इस मौके पर बीकेडी जिलाध्यक्ष राजेश सक्सेना, नगर अध्यक्ष हारून गौस, रामाशंकर शंखधार, पप्पू सैफी, बाबू खां, भागमल यादव, गंगा सिंह, आरिफ गाजी, कहलन मियां, अफजाल, शाह आलम, साबिर, नरेंद्र, धीरेंद्र, सुरेश गुप्ता, मोहन, परवजे आलम आदि मौजूद रहे।
सही प्रपत्र उपलब्ध कराने को कहा
एसबीआई के जिला समन्वयक रामगोपाल का कहना है कि उन्होंने भाकियू पदाधिकारी को टोपी उतारने के लिए नहीं कहा, बल्कि बिल्सी का मामला होने की वजह से वहां के कोआर्डिनेटर से आवेदक असलम को सही प्रपत्र उपलब्ध कराने के लिए कहा। सारे आरोप निराधार हैं।