बदायूं। मेरठ से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब मेरठ से प्रयागराज तक सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने को लेकर परिवहन निगम की ओर से विचार किया जा रहा है। परिवहन निगम की ओर से गंगा एक्सप्रेसवे पर बसों का संचालन कराने की तैयारी की जा रही है।
अभी बदायूं से प्रयागराज जाने के लिए यात्रियों को लखनऊ या कानपुर होकर जाना पड़ता है। कई बार बस बदलनी पड़ती है, जिससे समय और पैसा दोनों ज्यादा लगता है। सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
गंगा एक्सप्रेसवे बनने के बाद बदायूं से प्रयागराज की दूरी करीब 420 किमी होगी। सफर तीन से साढ़े तीन घंटे में पूरा हो सकेगा। अभी सड़क मार्ग से 7 से 8 घंटे लगते हैं। एक्सप्रेस-वे पर बस सेवा शुरू होने से यात्रा समय 3-4 घंटे कम हो जाएगा। गंगा एक्सप्रेस-वे पर बस बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली होते हुए प्रयागराज तक के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
एआरएम राजेश पाठक ने बताया एक्सप्रेसवे पर बसों के संचालन को लेकर विचार किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे पर बस के संचालन के लिए बस अड्डे से ही सवारियां पूरी होनी चाहिए। इस पर काम करने के बाद ही बस का संचालन शुरू किया जाएगा।