आसफपुर। मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद आसफपुर से बदायूं के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू नहीं हो सकी। बड़ी आबादी जिला मुख्यालय आने के लिए डग्गामार वाहनों के सहारे है। आए दिन हादसे भी होते हैं। मगर, रोडवेज बस न चलने की वजह से इन वाहनों से सफर करना मजबूरी है।
बिसौली कस्बे से 10 और फैजगंज बेहटा कस्बे से 12 किलोमीटर दूर स्थित आसफपुर में रेलवे स्टेशन है। यहां से दिल्ली और बरेली समेत कई बड़े शहरों के लिए ट्रेन है मगर बदायूं इस रूट पर नहीं आता। यहां से बदायूं के लिए करीब 15 साल पहले रोडवेज बस सेवा शुरू की गई थी मगर, कुछ समय बाद इसे बंद कर दिया गया।
इसके बाद से अब तक बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों को रोडवेज सेवा से जोड़ने के लिए कहा था। उस दौरान दबतोरी के लिए एक रोडवेज बस चलने लगी थी। दो सप्ताह में ही यह भी बंद हो गई। अब डग्गामार वाहन ही सहारा हैं। किराया महंगा होने के साथ ही इन वाहनों में सुरक्षा की भी कोई गारंटी नहीं है।
80 गांव के लोगों का होता है आवागमन
आसफपुर ब्लाॅक क्षेत्र में दूंदपुर, भूड़ बिसौली, नहडौली, अल्लैहपुर खुर्द, सीकरी, गंगा गढ़, भोजपुर, राजटिकौली, मोहकमपुर, रतनपुर, श्यामपुर, गुलड़िया समेत 80 गांव हैं। इन गांवों के लोग शहर आने के लिए डग्गामार वाहनों से पहले बिसौली आते हैं। वहां से बस में बैठकर शहर पहुंचते हैं।
वर्जन:
पिछले दिनों रोडवेज बस सेवा शुरू की गई थी। करीब आठ-दस दिन बस को चलाया भी गया, लेकिन उससे आमदनी नहीं हो पाई। अब हम दोबारा रूट चार्ट बना रहे हैं। जल्द ही अन्य रूट पर भी बसों को चलाया जाएगा। - राजेश पाठक, एआरएम
आसफपुर रेलवे स्टेशन के सामने यात्रियों के इंतजार में खड़े ऑटो। संवाद