उघैती l क्षेत्र के गांव खितौरा में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदकर डाल दिया है। कार्य पूरा होने के बाद भी गड्ढों को नहीं भरा है। इससे आवागमन में काफी कठिनाइयों को सामना करना पड़ रहा है। वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
सहसवान-बिसौली मार्ग से खितौरा-बिल्सी संपर्क मार्ग पर बने गड्ढों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तेज रफ्तार वाहन गड्ढों में गिरकर पलट गए हैं। अब तक किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा है। अगर गड्ढों को नहीं पाटा और समतल नहीं किया तो खतरा है। इस मार्ग पर स्कूली बच्चे साइकिलों से निकलते हैं और गिरकर घायल होते हैं। गांव की गलियों में भी खड़ंजे खोदकर छोड़ दिए हैं। इससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जल जीवन मिशन के कर्मचारियों को जल्द इन गड्ढों को भरना चाहिए ताकि समस्या का समाधान हो सके।
-
ये हुईं घटनाएं-
बृहस्पतिवार को दो स्कूली छात्र वाहन से बचने के प्रयास में गड्ढे में गिरकर चोटिल हो गए। बीते सोमवार को एक पिकअप वाहन पलटने से बचा। आए दिन ग्रामीण अंधेरा होने पर ठोकरें खाने के लिए मजबूर हैं।
शिकायतों का कोई असर नहीं
गांव के दिनेश भारद्वाज, ओंकार शर्मा, गौरव कुमार, विजय गुप्ता, हिमांशु, भोले और बनवारी लाल सहित अन्य ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया और समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जल निगम के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
खितौरा में पाइप लाइन के गड्ढे। संवाद