महीनों पुरानी जलभराव की समस्या का निपटारा न होने से नाराज कल्याण नगर के वाशिंदों ने सोमवार को बरेली-मथुरा हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक हाईवे जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में कोतवाली पुलिस ने पहुंच कर किसी तरह लोगों को समझाबुझा कर जाम खुलवाया।
शहर के मोहल्ला कल्याण नगर में जल भराव की पुरानी समस्या है। मोहल्ले के लोग कई बार इस समस्या के विरोध में धरना प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन समस्या से छुटकारा नहीं मिला। पिछले सप्ताह भी कल्याण नगर के लोग सड़क पर उतरे थे। उस समय सिटी मजिस्ट्रेट विजय बहादुर ने इन लोगों को जल्द समस्या से छुटकारा दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। सोमवार को फिर से मोहल्ले के लोग सड़क पर उतर आए। सैकड़ों लोगों ने जफा की कोठी के पास बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगाकर नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। यह लोग समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर कोतवाली एसएस बराच ने किसी तरह से लोगों को समझाबुझा कर जाम खुलवाया। तब कहीं यातायात सामान्य हो सका।
वर्षों पुरानी समस्या, हर बार मिल रहे आश्वासन
बदायूं। कल्याण नगर के लोगों की समस्या वर्षों पुरानी है। आलम यह है कि मोहल्ले के करीब दौ सौ मीटर के टुकड़े में दो से तीन फीट तक जल भराव रहता है। इससे कई मकान भी धंसने के कगार पर पहुंच गए हैं। मोहल्ले के कई लोगों ने तो यहां के मकान छोड़ दिए हैं और किराए पर रह कर गुजारा कर रहे हैं। मोहल्ले के लोग बार-बार समस्या के समाधान को धरना प्रदर्शन करते हैं लेकिन इनको हर बार आश्वासन मिलते हैं।
चंदोखर तालाब पटने से पैदा हुई समस्या
बदायूं। शहर के उत्तरी हिस्से का पानी चंदोखर तालाब में जाता है। पिछले कुछ साल से चंदोखर तालाब पटता जा रहा है। तालाब का करीब पचास फीसदी हिस्सा पट चुका है। इस हिस्से में या तो मकान बन गए हैं या फिर खेती और प्लाटिंग हो रही है। ऐसे में यहां जल निकासी नहीं हो पाती। इससे इलाके में जल भराव की समस्या बनी रहती है।