जिले के सर्वांगीण विकास को गति प्रदान करने एवं जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को आगामी वित्तीय वर्ष 2015-16 की जिला योजना के लिए केंद्रांश एवं राज्यांश को सम्मिलित करते हुए 388.57 करोड़ रुपये का परिव्यय सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया, जो गत वर्ष के सापेक्ष 217.69 करोड़ रुपये अधिक है।
सोमवार को विकास भवन स्थित सभाकक्ष में प्रदेश के खेल, युवा कल्याण वाह्य सहायतित परियोजना एवं समग्र ग्राम विकास विभाग के राज्यमंत्री/जनपद प्रभारी राम करन आर्य की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। गत वर्ष मात्र राज्यांश के रूप में जिला योजना समिति द्वारा 170.88 करोड़ रुपये का अनुमोदन किया गया था। आगामी वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए शासन स्तर से व्यवस्थाओं में आंशिक संशोधन के साथ ही केन्द्रांश के रूप में 153.68 करोड़ रुपये एवं राज्यांश के रूप में 234.89 करोड़ रुपये कुल 388.57 करोड़ रुपये का प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा गया। जो सर्वसम्मति के साथ अनुमोदित कर दिया गया।
बैठक में विकास कार्यों एवं अन्य लाभार्थी परक योजनाओं की जानकारी सदस्यों के न देने पर सदन ने एतराज जताया। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित जानकारी को सूची बनाकर सीडीओ देवेंद्र सिंह कुशवाहा को उपलब्ध कराएं उनके द्वारा सभी समिति सदस्यों को एक सप्ताह में अवगत कराया जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव ने कहा कि जिला पंचायत के सदस्य जो जिला योजना समिति के भी सदस्य है उनके द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर भी कार्य कराया जाना चाहिए। विधान परिषद सदस्य बनवारी सिंह यादव एवं शेखूपुर के विधायक आशीष यादव ने दुग्ध विकास निगम में किसानों का बकाया भुगतान कराने एवं दूध की खरीददारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कादरचौक स्थित मत्स्य विभाग द्वारा किए गए तालाब के पट्टे पर खेती करने एवं उसी भूमि पर निर्माण करने जैसी जानकारी देते हुए प्रकरण की एडीएम/एसडीएम स्तर से जांच कराने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने गन्ना खरीद फरोख्त में संलिप्त बिचौलियों पर भी कार्रवाई करने का प्रस्ताव रखा। विधान परिषद सदस्य जितेंद्र यादव ने मुख्य रूप से शहर में रैन बेसेरे बनाने का प्रस्ताव रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। उन्होंने चकबंदी में अव्यवस्थाओं में सुधार लाने को कहा। शहर विधायक आबिद रजा ने ब्लड बैंक की अव्यवस्थाओं में रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने लोहिया ग्राम दुगरैया सहित अन्य स्थानों पर सीसी सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता असंतोषजनक बताते हुए जांच करने का प्रस्ताव रखा। बिल्सी विधायक हाजी मसर्रत अली बिट्टन ने बैठक में आपत्ति जताई कि उनकी विधान सभा में एक भी कब्रिस्तान की चाहरदीवारी का निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
बैठक में सहसवान के विधायक ओमकार सिंह यादव, बिसौली के विधायक आशुतोष मौर्य, जिलाधिकारी शंभूनाथ, सांसद के प्रतिनिधि अवधेश यादव, आंवला सांसद के प्रतिनिधि राहुल चौहान, सुरेश पाल सिंह चौहान, बलवीर सिंह यादव सहित पीडी डीआरडीए रामरक्ष पाल सिंह यादव सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी एवं जिला योजना समिति के सदस्य मौजूद रहे।
इन विभागों के कार्यों की होगी जांच
जिला योजना समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मत्स्य विभाग के कादरचौक स्थित तालाब के किए गए पट्टे, जल निगम विभाग की पेयजल पाइप लाइन योजना, उद्यान विभाग के पौधशाला, दुग्ध विकास निगम में व्याप्त अव्यवस्थाओं, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा बनाए गए सीसी रोडों, यूनीफार्म वितरण, ब्लड बैंक एवं चकबंदी विभाग के कार्यों की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों को शामिल करते हुए जांच कराई जाएगी।
इन विभागों की कसी जाएगी नकेल
जिलाधिकारी शंभूनाथ ने खाद की कालाबाजारी रोकने, गन्ने की खरीद फरोख्त में बिचौलियों पर नकेल कसने और जिला चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं तथा समस्त प्राथमिक एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला योजना की बैठक में खाद पर रार
बदायूं। जिला योजना की बैठक में बसपा के डॉ. गुच्छन इरफान ने यूरिया खाद किसानों को न मिलने का मामला उठाया तो सपा के जिला सचिव बलवीर सिंह यादव इस बात को बर्दास्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि भले ही इस सरकार में खाद लाइन लगाकर मिल रही है, पिछली सरकार में तो किसानों पर खाद मांगने पर लाठियां बरसती थीं। इसे लेकर सपा और बसपा के लोग कुछ देर तर्क-कुतर्क में उलझे लेकिन कार्यवाही आगे बढ़ाकर मामला शांत कर दिया गया।
जिला योजना प्रस्तावित प्रमुख काम
0 ग्रामीण क्षेत्रों में 1500 हैंडपंप, 2200 हैंडपंपों का रिवोर
0 नगरीय क्षेत्रों में 250 हैंडपंप, 200 हैंडपंपों का रिवोर
0 5058 इंदिरा आवास और 1146 लोहिया आवास
0 चार प्राथमिक और चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना
0 ग्रामीण क्षेत्र में पांच आयुर्वेदिक यूनानी चिकित्सालयों की निर्माण
0 लोहिया गांवों में 20.02 किमी सीसी रोड, केसी ड्रेन का निर्माण
0 45.35 किमी सड़कों का निर्माण
बुर्रा शिव मंदिर, सागरताल, सूर्यकुंड का विकास
बदायूं। पहली बार जिला योजना में पर्यटन विकास को धनावंटन का प्रस्ताव किया गया है। इसमें उझानी ब्लाक के गांव बुर्रा अहिरवारा स्थित शिव मंदिर, शहर से लगेे खेड़ा नवादा स्थित सागर ताल और सूर्य कुंड का पर्यटन विकास शामिल है।
गत वर्ष की जिला योजना में आवंटित राशि (लाख रुपये में)
विभाग/सेवाएं राशि प्रतिशत
--------------------------------
1. कृषि एवं संवर्गीय सेवा में 783.27 4.58
2. ग्राम्य विकास 2232.81 13.06
3. सिंचाई एवं बाढ़ 716.76 4.20
4. सड़क/पुल 7833.33 45.84
5. शिक्षा सेवा में 773.64 4.32
6. चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य 365.51 5.65
7. जल संपूर्ति, स्चच्छता-
आवास एवं नगर विकास 1085.00 6.19
8. कल्याणकारी योजनाएं 2642.75 15.47
9. अन्य 82.00 0.48
17088.00 100.00
आगामी वर्ष की जिला योजना में आवंटित राशि (लाख रुपये में)
विभाग/सेवाएं राशि प्रतिशत
1. कृषि एवं संवर्गीय सेवा में 1133.94 2.32
2. ग्राम्य विकास 18430.40 47.43
3. सिंचाई एवं बाढ़ 1345.20 3.46
4. सड़क/पुल 6482.64 16.68
5. शिक्षा सेवा में 2519.45 6.48
6. चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य 1858.70 4.78
7. जल संपूर्ति, स्चच्छता-
आवास एवं नगर विकास 3594.25 9.25
8. कल्याणकारी योजनाएं 3098.67 7.98
9. अन्य 393.75 1.02
38857.00 100.00