जिले में 66वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। स्कूलोें में ध्वजारोहण एवं स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं, खेलकूद हुए वहीं प्रभातफेरी निकाली गईं। जिलाधिकारी ने पुलिस परेड की सलामी ली। बदायूं क्लब में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विधवाओं को सम्मानित किया गया।
डीएम शंभूनाथ ने कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। डीएम ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि तमाम अमर शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दी, उसके बाद यह दिन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि हमारा देश सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में जाना जाता है। जो अब सामाजिक, आर्थिक रूप से विकसित हो रहा है। जो समस्याएं हैं उनके निदान के लिए सत्य एवं अहिंसा का रास्ता चुना गया है। सहसवान के कुंवर जमशेद ने गीत प्रस्तुत किया- तेरा है न मेरा है यह हिन्दुस्तान सबका है, नहीं समझी गई यह बात तो नुकसान सबका है। शहीद स्मारक पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव, डीएम, वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र प्रसाद यादव, डीआरओ दिनेश कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। जिला न्यायाधीश ने जिला बार एसोसिएशन में, सीडीओ देवेंद्र सिंह कुशवाहा ने विकास भवन और गांधी नेत्र चिकित्सालय में ध्वजारोहण किया।
पुलिस लाइंस में हुुई भव्य परेड
पुलिस ग्राउंड में पुलिस परेड मुख्य रही। डीएम ने पुलिस परेड ग्राउंड में जिला न्यायाधीश देवेंद्र कुमार नैनवाल, एसएसपी संतोष कुमार एवं अन्य अधिकारियों के साथ ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कबूतर एवं गुब्बारे उड़ाकर परेड का शुभारंभ किया। परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। विभिन्न स्कूलों के छात्र एवं छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। संचालन रविंद्र मोहन सक्सेना ने किया।
स्वाधीनता सेनानी की विधवाएं सम्मानित
बदायूं क्लब में ध्वजारोहण के बाद डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अशरफी लाल की विधवा बरफा देवी, थम्मन सिंह की विधवा बुद्धो देवी एवं जीवा राम की विधवा भागवती देवी को क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने प्रतीक चिह्न देकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
पोस्टर में वर्तिका अजीमा ने बाजी मारी
पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कराई गई पोस्टर प्रतियोगिता में केदारनाथ महिला इंटर कालेज की छात्रा वर्तिका, नगर पालिका उझानी के अशर्फी देवी कन्या इंटर कालेज की छात्रा अजीमा सैफी ने प्रथम, केदारनाथ इंटर कालेज की रिचा, पार्वती आर्य कन्या इंटर कालेज की रेनू शर्मा ने द्वितीय और श्रीकृष्ण इंटर कालेज के छात्र उवैद उद्दीन अहमद तथा ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल की छात्रा शारा नकवी द्वारा तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र दिए।
आर्येंद्र की टिकट प्रदर्शनी की हुई तारीफ
आर्येन्द्र प्रकाश द्वारा भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, देशभक्त, शहीद एवं क्रांतिकारियों पर आधारित डाक टिकटों की प्रदर्शनी का डीएम ने अवलोकन कर प्रशंसा की। सीडीओ, एडीएम प्रशासन और समाज सेवी अशोक खुराना ने अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. शैलेंद्र कबीर एवं कमला महेश्वरी ने कविता पाठ किया। क्लब के सचिव डाक्टर अक्षत अशेष ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन डाक्टर राम बहादुर माथुर ने किया।
मलिन बस्ती में हुई सफाई, जेल में फल बांटे
मलिन बस्ती मोहल्ला हकीमगंज में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ललितेश सक्सेना द्वारा विशेष सफाई व्यवस्था कराई गई। जिला कारागार में स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा बंदियों को फल वितरण किया गया। एनसीसी, स्काउट गाइड, एनएसएस, पुलिस एवं होमगार्ड का रूटमार्च एवं भारत माता की शोभायात्रा भी निकाली गई। कुंवर रूकुम सिंह वैदिक इंटर कालेज नगला में महिला सशक्तिकरण पर आधारित भाषण प्रतियोगिता आयोजित कराई गई। सीएमओ द्वारा कछला स्थित कुष्ठ आश्रम में फलों का वितरण किया गया। नगर पालिका स्थित सामुदायिक केंद्र में कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सार्वजनिक सभा आयोजित हुई। सभी तहसील स्तर पर एसडीएम एवं ब्लाक स्तर पर बीडीओ द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।