दातागंज (बदायूं)। दातागंज कोतवाली पुलिस ने नकली जेवर बेचने वाली महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पांच दिन पहले महिला रंगे हाथ पकड़ी गई थी लेकिन पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया था।
कस्बा के मोहल्ला बुध बाजार निवासी आशू गुप्ता के मुताबिक 21 अक्तूबर को वह रोजाना की तरह अपनी दुकान पर बैठे थे। उसी समय एक महिला और एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में एक व्यक्ति ज्यादा बीमार है। उन्हें अपने सोने के जेवर बेचने हैं। महिला से आशू गुप्ता ने तीस हजार में जेवर खरीद लिया। उसके बाद वह जेवर की जांच कराने बड़े सराफ के पास गए। वहां पता लगा कि जेवर नकली है। लौटकर आए तो पुरुष जा चुका था, उन्होंने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहां महिला ने पूछताछ में अपना नाम दातागंज क्षेत्र निवासी संतोष और साथी का नाम खेमपाल बताया। उस समय पुलिस ने संतोष को छोड़ दिया। अब पुलिस ने आशू गुप्ता की तहरीर पर संतोष और खेमपाल के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।