वजीरगंज। कार के बोनट पर रसायन डालकर बैग ले जाने वाले उचक्कों पर आखिरकार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ही ली। पहले पुलिस मामले को दबाने की कोशिश की थी, लेकिन जब महिला ने एसपी देहात से इसकी शिकायत की तो पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ गई।
बिसौली कस्बे में बुधबाजार मोहल्ला निवासी नीलिमा सोमवार दोपहर बरेली से लौट रहीं थीं। कार उनका ड्राइवर चला रहा था। वह कार में पीछे की सीट पर बैठीं थींं। जैसे ही उनकी कार वजीरगंज कस्बा से होकर निकली कि तभी दो उचक्कों ने उनकी कार के बोनट पर रसायन डाल दिया, जिससे कार में धुआं भर गया। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उन्होंने एक स्कूल के सामने कार रुकवा ली। वह कार की खिड़की खोलकर उल्टी करने लगीं। दूसरी ओर ड्राइवर बोनट खोलकर कार का इंजन देखने लगा। इसी दौरान दो उचक्के उनका बैग लेकर भाग गए। इस संबंध में महिला ने पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
मंगलवार को नीलिमा ने इसकी शिकायत एसपी देहात राम मोहन सिंह से की। तब पुलिस ने उनके आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की। बताया जा रहा है कि दोनों उचक्के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। सीओ सुनील कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है। दोनों उचक्के जल्द पकड़ लिए जाएंगे।