बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव चांदीनगला में पैतृक संपत्ति के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मकान पर कब्जे की नीयत से एक ही परिवार के 14 लोगों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों और हथियारों से हमला करने, बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट कर घर में तोड़फोड़ करने का आरोप है। अदालत के आदेश पर अलापुर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
गांव चांदीनगला निवासी आशीष कुमार सिंह की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार उनका परिवार पैतृक मकान में रहता है, जबकि आरोपित पक्ष उसी संपत्ति पर कब्जा करना चाहता है। 31 जुलाई 2025 की शाम पहले विवाद और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद आरोपित लाठी-डंडे, तमंचे और रायफल लेकर घर में घुस आए।
आरोप है कि उन्होंने घरेलू सामान में तोड़फोड़ की, अनाज बिखेर दिया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। हमले में बुजुर्ग पिता राजबहादुर सिंह और मां गीता रानी गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता को छत तक दौड़ाकर पीटा, जबकि मां को अलग कमरे में ले जाकर मारपीट की। चिकित्सीय परीक्षण में मां के कंधे की हड्डी टूटने की बात सामने आने का भी दावा किया।
आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपित मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने सुरेंद्र, कमलेश, रिंकू, अश्वनी, शिवमोहन, हिमांशु, आकाश, सौरभ, अंकित, सीता, अंजली, पुष्पा, स्वाती और शीला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में केस दर्ज कर लिया है और मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।