बदायूं। सिपाही और उसके परिवार के लोगों ने 25 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर शादी का रिश्ता तोड़ दिया। बिल्सी कस्बे के मोहल्ला टीचर कॉलोनी निवासी लड़की के पिता ने मुरादाबाद रेंज में तैनात एक सिपाही समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी युवक का परिवार अलीगढ़ जिले के अतरौली थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
बिल्सी कस्बा की टीचर कॉलोनी निवासी सुरेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने बेटी की शादी अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र के गांव कुंजलपुर निवासी हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश पुत्र नेत्रपाल सिंह के साथ 19 जुलाई 2024 को तय की थी। शादी बीस लाख रुपये में तय हुई थी। रोक में उन्होंने दो लाख रुपये लड़के पक्ष को दिए थे। शेष रुपये एवं एक कार शादी के दौरान देना तय हुआ था।
इस बीच उनके पास धर्मेंद्र नाम के व्यक्ति का फोन आया। इसके बाद दो बार में तीन-तीन लाख रुपये और दिए गए। आरोप है कि ओमप्रकाश ने कहा कि उनके पांच भाइयों को एक-एक सोने की अंगूठी भी चाहिए। इस पर भी वह राजी हो गए। इतना सब देने के बाद ओमप्रकाश शादी करने से मुकर गया।
पूछने पर ओमप्रकाश ने 25 लाख रुपये की और मांग रख दी। सुरेश ने इतने रुपये देने में असमर्थता जताई। तब लड़के पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। साथ ही ओमप्रकाश ने धमकी दी कि वह पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल है। उन्हें और उनके बेटे को झूठे मुकदमे में फंसा देगा। इसके बाद ओमप्रकाश की चचेरी बहन बबली का फोन आया। उसने भी खुद को पुलिस में बताया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ओमप्रकाश, वनी सिंह, तिलक सिंह और धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बिल्सी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुण्डीर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी सिपाही मुरादाबाद रेंज में तैनात बताया जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।