बीएसए के निरीक्षण में सामने आया गड़बड़झाला, एक का रोका वेतन
पत्नी के स्थान पर रोजाना पति के विद्यालय जाने पर बीएसए पीसी यादव ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। निरीक्षण के समय भी बीएसए को पति स्कूल में मिले। बीएसए ने अपने स्कूल में मौजूद रहने के बजाय निजी विद्यालय संचालित करने पर एक शिक्षक का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया है।
बीएसए पीसी यादव ने शुक्रवार को प्रात: 8.45 बजे विकासखंड सालारपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। शिकायत मिली थी कि शिक्षिका पूनम राठौर विद्यालय नहीं आती हैं। उनके स्थान पर पति आते हैं। बीएसए ने बताया कि जिस समय वह निरीक्षण कर रहे थे, तभी पूनम राठौर के पति विद्यालय में प्रवेश कर रहे थे। शिकायत सही मिलने के आरोप में शिक्षिका पूनम राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बीएसए ने बताया कि उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय ददमई का भी निरीक्षण किया। उस समय शिक्षक रवेंद्र सिंह और अनुदेशक संतोष राठौर का उपस्थिति पंजिका पर अवकाश अंकित था। बीएसए ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि दोनों अनियमित रूप से अनुपस्थित होते हुए भी उन्होंने दूरभाष पर अन्य शिक्षक से कहकर पंजिका पर अवकाश अंकित कराया है। बताया गया कि रवेंद्र सिंह अन्य विद्यालय रवेंद्र कल्पना सिंह इंटर कालेज घटपुरी में जाकर विद्यालय संचालित करते हैं। वह इस इंटर कालेज में पहुंचे, तो रवेंद्र सिंह मौजूद थे। बीएसए ने बताया कि रवेंद्र सिंह के नियमित स्कूल नहीं आने और अन्य विद्यालय संचालित करने पर अग्रिम आदेश तक वेतन रोका गया है। इस मामले की जांच बीईओ सालारपुर को सौंपी गई हैं और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। अनुदेशक संतोष राठौर के एक दिन के मानदेय काटा गया है।