शहवाजपुर पर जलभराव और कीचड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। मलेरिया और जानलेवा फैल्सीपेरम के रोगी लगातार मिल रहे हैं। इस बीच बृहस्पतिवार और इसके बाद शुुक्रवार को भी दिन में हुई बूूंदाबांदी के कारण शहर में तमाम स्थानों पर सड़कों के गड्ढों में पानी भर गया। लगातार बूंदाबांदी ने उमस और गर्मी से तो राहत दी है, लेकिन सड़कों पर कीचड़ और जलभराव ने परेशानियां बढ़ा दी हैं। इस बीच सड़कों पर गड्ढों में भरे पानी में मच्छरों के पनपने की आशंका भी बढ़ गई है।
-
गद्दी चौक के आसपास कई जगह जलभराव
शहर में गद्दी चौक काफी व्यस्त इलाका है। यहां पास में ही सुभाष चौक और पनबड़िया मोहल्ले भी हैं। आसपास कोई सड़क सलामत नहीं है। इन इलाकों की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों में बिना बारिश के ही जलभराव बना रहता है। यहां दो दिन हुई बूंदाबांदी के कारण हालात और भी ज्यादा खराब हो गए हैं।
-
नई सराय चौकी, जफा की कोठी के इलाकों का बुरा हाल
नई सराय पुलिस चौकी से बरेली रोड की ओर जफा की कोठी और चौकी से सुभाष चौक जाने वाली रोड के साथ ही पुलिस चौकी तिराहा और नई सराय कच्ची लीक इलाके दुर्दशा का शिकार हैं। यहां बिना बारिश के ही जलभराव बना रहता है। अक्सर लोग गड्ढों में गिरकर जख्मी भी होते हैं।
-
बिरुआबाड़ी मंदिर के पास कीचड़ से लोगों में रोष
बिरुआबाड़ी मंदिर के पास काफी समय से टूटी हुई सड़क पर नाले का गंदा पानी भरा रहता है। मंदिर जाने वाले लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बारिश ने यहां हालात और भी खराब कर दिए हैं। मंदिर के आसपास के इलाकों की दुर्दशा को लेकर लोगों में रोष पनप रहा है।
-
लोटनपुरा के लोग भी कीचड़ से परेशान
लोटनपुरा में हालात और भी ज्यादा खराब हैं। यहां लोटनपुरा से शिवपुरम की ओर जाने वाले रास्ते से पहले सड़क पर कीचड़ और जलभराव से लोग परेशान हैं। लोटनपुरा से होकर नगर पालिका का बड़ा नाला भी गुजरता है। यहां बिना बारिश के भी हमेशा कीचड़ और जलभराव रहता है। संवाद