अढ़ौली और संकरी जंगल के ग्रामीणों को गांव पहुंचने के लिए अब थोड़ी अधिक दूरी तय करनी होगी। रेलवे ने अढ़ौली फाटक बंद करके बुर्रा फरीदपुर मोड़ पर नया रेल फाटक बना दिया है। ब्राडगेज पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने पर अढ़ौली और सकरी का ट्रैफिक इस नये फाटक से होकर गुजरेगा।
बरेली-कासगंज के मध्य ब्राडगेज लाइन के साथ स्थानीय रेलवे स्टेशन का क्षेत्रफल भी बढ़ गया है। अढ़ौली रेल फाटक स्टेशन परिसर में आ गया तो रेलवे ने नगला मोहल्ला होकर सीसी रोड का निर्माण करा दिया। सीसी रोड अढ़ौली फाटक से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर बुर्रा मोड़ तक बना है। बुर्रा मोड़ पर ही नया रेल फाटक बनाया गया है। हालांकि नये फाटक के आसपास कुछ हिस्से में संपर्क मार्ग अधूरा है लेकिन ट्रेनों के आवागमन से पहले वह पूरा हो जाएगा।
अढ़ौली फाटक के पास अस्थायी रूप से तांगा और टैंपो स्टैंड भी बन गया था। दोनों स्टैंड अब बुर्रा मोड़ पर पहुंच जाएंगे। स्टेशन अधीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि ब्राडगेज की लाइन की ट्रेनों में कोच की संख्या भी अधिक होगी। ऐसे में अढ़ौली फाटक बंद करना जरूरी था। अढ़ौली फाटक बंद हो जाने के बाद इस गांव के रास्ते से जुड़े सकरी जंगल, तेहरा, बेनीनगला और ठिरिया गांव के लोग बुर्रा मोड़ से निकलेंगे।