मोहम्मदपुर बिहार क्रॉसिंग के मुद्दे को लेकर हुई महापंचायत में बुधवार को एक राय होकर बरेली में इस मुद्दे को उठानी की बात रखी। कहा, अगर 27 फरवरी तक कोई निर्णय नहीं होता है तो वह 28 फरवरी को बरेली इज्जतनगर रेल प्रशासन कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने सभी किसानों को एकजुट रहने पर जोर दिया।
बुधवार को मोहम्मदपुर बिहार क्रॉसिंग पर किसानों, ग्रामीणों की लंबी वार्ता हुई। इसमें कहा गया कि मानवरहित समपार पर रेल प्रशासन किसानों को परेशान कर रहा है। किसानों ने कहा कि इसका मुद्दा सुलझाने की बजाय रेल प्रशासन उलझाने में लगा है। यहीं कारण है जो अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का सब्र का बांध टूट रहा है। लिहाजा निर्णय लिया गया है कि अगर 27 तक कोई फैसला नहीं होता है, तो वह 28 फरवरी को बरेली में हल्ला बोलेंगे। इस मौके बीकेडी के राजेश सक्सेना, भाकियू के धर्मपाल सिंह, सौदान सिंह, सुरेश चंद्र गुप्ता, कल्लन, सतीश आदि मौजूद रहे।
भूख हड़ताल पर बैठे दो किसान
बदायूं। महापंचायत के दौरान जहां एक ओर वार्ता चल रही थी। वहीं मानवरहित समपार बंद करने और कोई हल न निकलने पर दो ग्रामीण किसान भूख हड़ताल पर बैठ गए। मोहम्मदपुर बिहार के फिदा हुसैन और भिंदुलिया के ऋषिपाल ने कहा कि जब तक मोहम्मदपुर बिहार क्रॉसिंग पर कोई हल नहीं निकलता है, तब तक वह भूख हड़ताल पर रहेंगे।