ककराला विद्युत उपकेंद्र पर आपूर्ति बढ़ाने को पहुंचे किसान। संवाद
जगत/ ककराला। ग्राम पंचायत बिरियाडांडा, चादवराई, दियोरिया और असगुना गांवों को ककराला विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति की जाती है। इन गांवों के सैकड़ों किसान ट्यूबवेल के माध्यम से सिंचाई के लिए इसी फीडर पर निर्भर हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में किसान ककराला विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बढ़ाने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पर्याप्त बिजली नहीं दी गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
किसानों का कहना है कि इस समय फसल पकने के अंतिम चरण में है। बिजली की कमी से उनकी छह माह की मेहनत पर बर्बाद होने का खतरा बना हुआ है। इसी को लेकर किसानों में आक्रोश है। किसानों का आरोप है कि तीन दिन में मात्र सात घंटे ही बिजली दी जा रही है, जिससे फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही।
ककराला के जेई ने किसानों को आश्वासन दिया कि शासन की ओर से निर्धारित 10 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी और भविष्य में समय बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर जनता सरकार मोर्चा के जिलाध्यक्ष शेर अली शाह, बब्लू, अवनेश, रामबाबू, जय सिंह, मुकेश, महावीर, सुधीर, भगवान सिंह, रामसूरज, राजेश्वर, दीनानाथ, अमर सिंह, विजय सिंह, बृजपाल, प्रमोद सहित कई किसान मौजूद रहे।
अनुरक्षण कार्य के चलते 6 घंटे बंद रहेगी आपूर्ति
वजीरगंज। विद्युत उपकेंद्र में अनुरक्षण कार्य के चलते क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 5 बजे तक बाधित रहेगी। संवाद