उझानी के खजुरारा गांव में प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गन्ना बकाया भुगतान में देरी और बदायूं जिले में गंगा किनारे से अवैध खनन का आरोप लगाते हुए मंगलवार को गुस्से का इजहार किया। कहा कि चीनी मिलें जब तक पुराना बकाया भुगतान नहीं कर देतीं तब तक इलाके में उनके खरीद सेंटर नहीं लगने दिए जाएंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं ने बुधवार से खजुरारा में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है।
यूनियन की मासिक पंचायत खजुरारा में हुई। ब्लॉक अध्यक्ष सोमवीर सिंह ने कहा कि चीनी मिलों पर किसानों का लाखों रुपया बकाया है। चीनी मिल प्रबंधन से मिलकर कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अफसरों से लेकर मिल मालिकों ने गौर नहीं किया। अब चीनी मिलें इलाके में गन्ना खरीद सेंटर लगाने के लिए कोशिश कर रही हैं। चीनी मिलों को तब तक सेंटर नहीं लगाने दिए जाएंगे जब तक कि पुराना बकाया भुगतान नहीं हो जाता। ब्लॉक अध्यक्ष ने कछला में गंगा किनारे बालू के अवैध खनन का भी आरोप लगाया। कहा कि कासगंज जिले में खनन प्वाइंट है, लेकिन धंधेबाजों ने खजुरारा के आसपास खनन शुरू कर दिया है। अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो धंधेबाजों का सबक सिखा दिया जाएगा। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पंचायत के बाद प्रदर्शन भी किया। उन्होंने बुधवार से खजुरारा में धरना पर बैठने की चेतावनी दी है। इस मौके पर सुखपाल, नंदराम वर्मा, रूम सिंह, रनवीर सिंह, रामवीर, राजेश तोमर, छिद्दा खां, वीरपाल और रक्षपाल आदि मौजूद थे।