बदायूं। शुक्रवार को शहर समेत पूरे जिले में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण निपटी। जिले में किसी भी स्थान पर कोई भीड़ जमा नहीं हुई। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में कोई प्रदर्शन भी नहीं हुआ। पुलिस-प्रशासन का ज्यादा ध्यान इस बात पर रहा कि लोग नमाज के बाद जमा न हो, बल्कि अपने-अपने घरों को चले जाएं। इसमें पुलिस-प्रशासन पूरी तरह कामयाब रहा। इसके साथ ही प्रदर्शन के लेकर आशंकाओं का दौर खत्म हो गया। डीएम कुमार प्रशांत, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी फोर्स के साथ रूट मार्च करते रहे।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद आशंका थी कि खुराफाती नमाजियों को बरगला कर भीड़ जमा कर सकते हैं। जिले में पहले से ही धारा 144 लागू है। काफी लोगों पर धारा 144 के उल्लंघन में कार्रवाई भी हो चुकी है। हालात सामान्य बने रहें और कहीं पर भीड़ जमा न हो इसके लिए शहर समेत जिले भर के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स के साथ दंगा नियंत्रण बल की तैनाती की गई। एडीएम प्रशासन राम निवास शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ विनय कुमार द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ओमकार सिंह भी मस्जिदों और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों का जायजा लेते रहे। शहर के छह सड़का, घंटाघर, जामा मस्जिद, सोथा मोहल्ला, चौधरी सराय, कबूलपुरा आदि इलाकों में ज्यादा सतर्कता से काम लिया गया। नागरिकता संशोधन कानून के प्रति भ्रम दूर करने के लिए नमाजियों को कानून की बारीकियों से जुड़े पंफलेट का वितरण भी किया गया। दोपहर के वक्त जामा मस्जिद पर पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री आबिद रजा भी पहुंचे और डीएम व एसएसपी से बात की। जिले में किसी भी स्थान से किसी प्रदर्शन या भीड़ जमा होने की खबर नहीं है।
ककराला। सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील ककराला में भी शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह से सामान्य रही। बाजार खुले और लोग खरीददारी को भी निकले। प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही। जुमे की नमाज के बाद किसी भी स्थान पर कोई भीड़ जमा नहीं हुई।
उसावां। जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रही। क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य गांवों में भी शुक्रवार को पुलिस फोर्स की तैनाती की गई। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण निपटी। किसी भी स्थान पर कोई भीड़ जमा नहीं हुई। कोई प्रदर्शन भी नहीं हुआ।
दबतोरी। नागरिकता संशोधन कानून के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को आस-पास के गांवों में कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। इस दौरान कई मुस्लिम बाहुल्य गांवों में पुलिस ने नागरिकता संशोधन कानून की बारीकियों से जुड़े पंफलेट का वितरण भी किया।
सहसवान। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर नगर में कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। एडीएम प्रशासन राम निवासी शर्मा, एसपी देहात डॉ. एसके सिंह, सीओ रामकरण सरोज संवेदनशील इलाकों में फोर्स के साथ गश्त करते रहे। प्रमुख चौराहों और बाजारों में फोर्स के साथ दंगा नियंत्रण बल की भी तैनाती रही। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण निपटी। किसी भी स्थान पर कोई प्रदर्शन नहीं हुआ।